सोमवार, 19 अक्टूबर 2026
The Janpath News
दिल्ली बस में 47 किमी तक दरिंदगी: घटना के एक महीने बाद मामला सामने आने पर उठे गंभीर सवाल
अपराध

दिल्ली बस में 47 किमी तक दरिंदगी: घटना के एक महीने बाद मामला सामने आने पर उठे गंभीर सवाल

4 अगस्त की रात नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक चलती बस में 16 वर्षीय लड़की के साथ कथित गैंगरेप हुआ, लेकिन पुलिस कार्रवाई और मामले की जानकारी 31 अगस्त को सामने आने पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

शेयर f X

4 अगस्त की रात नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक लगभग 47 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली एक स्लीपर बस में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप की दर्दनाक घटना सामने आई है। हैरान करने वाली बात यह है कि देश को इस गंभीर अपराध की जानकारी 31 अगस्त को मिली, जिससे एक महीने तक पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं।

उत्तरी जिला की डीसीपी निहारिका भट्ट के अनुसार, 4 अगस्त की रात कश्मीरी गेट थाने में पीड़िता ने आकर शिकायत दर्ज कराई थी कि नोएडा में एक बस में उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत विक्टिम का मेडिकल कराया, केस दर्ज किया और सीसीटीवी की मदद से बस को ट्रेस कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

47 किलोमीटर का सफर और पुलिस चेकिंग पर सवाल

घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि नोएडा से दिल्ली तक 47 किलोमीटर के लंबे रास्ते में बस लगातार चलती रही, लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी।

  • रास्ते में पुलिस चेकिंग कहां-कहां थी और क्या बस को रोका गया था या नहीं।
  • क्या बस के दस्तावेज चेक हुए थे और सीसीटीवी में बस का मूवमेंट रिकॉर्ड हुआ था या नहीं।
  • अगर ये सब हुआ तो क्या किसी को कोई संदेह क्यों नहीं लगा।

एक महीने की देरी और एफआईआर पर असमंजस

घटना 4 अगस्त की रात को हुई, उसी रात शिकायत दर्ज हुई और 5 अगस्त की सुबह एफआईआर हो गई, तो फिर देश के सामने यह मामला 31 अगस्त को क्यों आया।

  • क्या जांच की गोपनीयता के कारण जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।
  • क्या पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक ब्रीफिंग न होने के कारण यह देरी हुई।
  • पुलिस की कार्रवाई और जनता को जानकारी मिलने के बीच लगभग एक महीने का अंतर क्यों रहा।

निर्भया कांड के 14 साल बाद भी सुरक्षा पर वही सवाल

2012 के निर्भया कांड के बाद देश में कानून बदले, नियम सख्त हुए और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर तमाम दावे किए गए, लेकिन 14 साल बाद भी चलती बस में इस तरह की वारदात होना पूरी कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करता है।

  • सिर्फ अपराधी पकड़ना काफी नहीं है, बल्कि सिस्टम के हर हिस्से की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
  • दिल्ली और नोएडा पुलिस दोनों को मिलकर यह जवाब देना होगा कि 4 अगस्त से 31 अगस्त तक मामला दबा या छुपा क्यों रहा।
  • मुख्य सवाल यह है कि क्या पुलिसिंग सिर्फ चालान काटने और कागज़ देखने तक सीमित है या फिर चलती बसों पर नजर रखने की कोई पुख्ता व्यवस्था है।
« होमपेज पर वापस जाएं

0 टिप्पणियाँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले टिप्पणी करें।

टिप्पणी लिखें